पिपराही प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना का सपना हुआ साकार - युवा समाजसेवी अंजीव कुमार
शिवहर : पिपराही प्रखंड के विद्यार्थियों, विशेषकर पूर्वी क्षेत्र के युवाओं के लिए 15 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री जी द्वारा पिपराही डिग्री कॉलेज का ऑनलाइन शुभारंभ किया जाएगा।
कॉलेज का संचालन मीनापुर बलहा पंचायत अंतर्गत शीतलपट्टी मध्य विद्यालय परिसर से प्रारंभ होने जा रहा है।
युवा समाजसेवी अंजीव कुमार ने पूर्व से ही मांग उठाई थी कि डिग्री कॉलेज का चयन ऐसे भौगोलिक क्षेत्र में किया जाए, जिससे पूरे प्रखंड के विद्यार्थियों को समान रूप से लाभ मिल सके। इस मांग में मोहनपुर, कुअमा, मीनापुर बलहा और धनकौल पंचायत के क्षेत्र का विशेष रूप से उल्लेख किया गया था। अब मीनापुर बलहा पंचायत में कॉलेज का शुभारंभ होना इस जनहित की मांग और लंबे प्रयास की महत्वपूर्ण सफलता है।
अंजीव कुमार ने कहा कि वर्षों से पूर्वी क्षेत्र के अनेक छात्र-छात्राएं दूरी और आर्थिक कठिनाइयों के कारण इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा जारी नहीं रख पाते थे। अब स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा और छात्राओं की शिक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 से ही इस निर्णय का सकारात्मक प्रभाव कॉलेज में नामांकन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा तथा आने वाले वर्षों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस अवसर पर युवा समाजसेवी अंजीव कुमार ने मुख्यमंत्री, जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा इस जनहित की मांग को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के उन सभी युवाओं, सामाजिक साथियों और जागरूक नागरिकों का भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस मांग को सफल बनाने में अपना सहयोग और समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे प्रखंड के विद्यार्थियों और युवाओं के सामूहिक प्रयास की जीत है। अब पिपराही प्रखंड के विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा का सपना अपने ही क्षेत्र में साकार होगा।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.