बकरीद को लेकर शिवहर प्रशासन हाई अलर्ट पर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शिवहर : आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार 28 मई की सुबह 6 बजे से जिले के सभी संवेदनशील स्थलों, मस्जिदों, ईदगाहों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा सशस्त्र बलों की तैनाती की जाएगी। हालात पूरी तरह सामान्य रहने तक सभी सुरक्षा बल अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर मुस्तैद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त निरोधात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट एवं संदेशों पर नजर रखने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। किसी भी तरह की अफवाह का तत्काल खंडन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। सदर अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मियों की 24 घंटे उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
पर्व के दौरान त्वरित सूचना एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला आपदा प्रबंधन शाखा, शिवहर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 28 मई की सुबह 6 बजे से लगातार कार्यरत रहेगा। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 06222-257060 एवं 257061 भी जारी किया है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या जिला नियंत्रण कक्ष को देने को कहा है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता

No Previous Comments found.