तटबंध एवं बेलवा घाट के कार्यों में तेजी लाने और अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश
शिवहर : बाढ़ सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी शिवहर के निर्देशानुसार एक उच्च स्तरीय संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा बागमती नदी के बाएँ तटबंध एवं बेलवा घाट का गहन निरीक्षण किया गया। इस संयुक्त निरीक्षण दल में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) शिवहर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, शिवहर, कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल, सीतामढ़ी संयुक्त निरीक्षण के दौरान बागमती तटबंध के सभी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों की बारीकी से जाँच की गई। कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल द्वारा तटबंध की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर GEO बैग (जियो बैग) बांध पर भेजे जा रहे हैं ताकि कटाव को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। तटबंध के आसपास सुरक्षा में बाधा बन रहे झाड़-झंखाड़ और अन्य अवैध अतिक्रमणों को हटाने का कार्य सक्रियता से किया जा रहा था।तटबंध की सामान्य व आवश्यक मरम्मत का कार्य सुचारू रूप से प्रगति पर पाया गया। राहत की बात यह है कि बेलवा घाट पर तटबंध से संबंधित सुरक्षा और सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरी तरह से संपन्न कर लिया गया है। तटबंध की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर समाहर्ता (आ०प्र०), शिवहर ने मौके पर मौजूद कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल, सीतामढ़ी को निम्नलिखित सख्त निर्देश जारी किए हैं: "बाढ़ की किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तटबंध का पूरी तरह सुरक्षित होना अनिवार्य है। इसलिए, बचे हुए सभी मरम्मत कार्यों को यथाशीघ्र और पूर्ण रूप से दुरुस्त किया जाए। साथ ही, तटबंध के मार्ग में आने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को तुरंत प्रभाव से हटाना सुनिश्चित करें ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही न रहे।" जिला प्रशासन आगामी मानसून और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूरी तरह मुस्तैद है और आम जनता की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जा रहे हैं।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.