छात्र जदयू के प्रदेश महासचिव मो नेमतुल्लाह ने नीतीश कुमार से की शिष्टाचार मुलाकात
शिवहर : जदयू के प्रदेश महासचिव मो नेमतुल्लाह ने आज बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने शिवहर जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा तथा जिले के समग्र विकास पर विस्तार से चर्चा की।
मो नेमतुल्लाह ने बताया कि शिवहर जिला आज भी कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल, रोजगार, कृषि, बिजली, युवाओं के लिए बेहतर अवसर तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की ओर माननीय नीतीश कुमार जी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से जिले के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और विकास की गति को नई दिशा मिलेगी।
मुलाकात के दौरान मो नेमतुल्लाह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संगठन के कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं को समय-समय पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुँचाएँ और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिवहर जिले के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार जी ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और जनहित से जुड़े मुद्दों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कहा कि विकास और जनता के कल्याण से जुड़े विषय हमेशा प्राथमिकता में रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मो नेमतुल्लाह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि शिवहर जिले को विकास, शिक्षा, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और संगठन की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.