राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शिवहर में स्वास्थ्य जाँच शिविर में 32 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

शिवहर :  राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शिवहर में शुक्रवार को डॉ. लाल पैथलैब्स के सहयोग से रेड रिबन क्लब द्वारा "स्वस्थ मेला" स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। 

शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आसपास के लोगों सहित कुल 32 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया।

शिविर में ब्लड प्रेशर (बीपी), ब्लड शुगर, कम्प्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी), कोलेस्ट्रॉल, एसजीपीटी, क्रिएटिनिन समेत अन्य आवश्यक जांचें रियायती दरों पर की गईं। इसके अलावा प्रतिभागियों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केशवेंद्र चौधरी ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर शिक्षा, कार्यक्षमता और समृद्ध समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान संभव हो जाती है। महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन में रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों ने पंजीकरण, प्रतिभागियों के मार्गदर्शन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। महाविद्यालय प्रशासन ने डॉ. लाल पैथलैब्स की टीम एवं रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.