सीतामढ़ी के लाल एडवोकेट सुशील कुमार फिर बने लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय विधिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष..
सीतामढ़ी : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पुनर्गठन में बिहार के सीतामढ़ी जिले के मूल निवासी और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील सुशील कुमार पर एक बार फिर बड़ा भरोसा जताया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देश पर एडवोकेट सुशील कुमार को लगातार दूसरी बार लोजपा (आर) के राष्ट्रीय विधिक प्रकोष्ठ (लीगल सेल) का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। लोजपा (आर) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर पार्टी के सभी विंग और पदाधिकारियों को इसकी जानकारी साझा की है। एडवोकेट सुशील कुमार की गिनती पार्टी के सबसे सक्रिय, निष्ठावान और वरिष्ठ नेताओं में होती है। देश की सर्वोच्च अदालत में वकालत करने वाले सुशील कुमार लंबे समय से पार्टी के कानूनी मामलों को कुशलता से संभाल रहे हैं। पिछले कार्यकाल के दौरान उनके द्वारा सांगठनिक हित में किए गए कार्यों, कानूनी मोर्चे पर पार्टी को मजबूती देने और उनके समर्पण को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना है।सुशील कुमार के दोबारा अध्यक्ष बनने पर सीतामढ़ी सहित पूरे बिहार के कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि यह सीतामढ़ी के लिए गर्व की बात है। अपनी इस नियुक्ति पर आभार जताते हुए एडवोकेट सुशील कुमार ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य देश भर के न्यायप्रिय लोगों और अधिवक्ताओं को लोजपा (रामविलास) की नीतियों से जोड़ना तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' के विजन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
रिपोर्टर - मुकेश यादव
No Previous Comments found.