आषाढ़ी वारी में पहली बार मिलेगी एयर एम्बुलेंस की सुविधा, गंभीर मरीजों को मिलेगा तत्काल इलाज
पंढरपुर : आषाढ़ी वारी में शामिल होने वाले लाखों वारकरी श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष पहली बार एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने बताया कि गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पालखी मार्ग और पंढरपुर में श्रद्धालुओं के लिए 353 एम्बुलेंस, 43 स्थानों पर ICU सुविधा, 156 'आपला दवाखाना' केंद्र, 215 मोबाइल स्वास्थ्य दूत, 3,087 स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी और 302 विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा, पंढरपुर उपजिला अस्पताल और ग्रामीण अस्पतालों में 16 ICU यूनिट तथा 17 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र शुरू किए जाएंगे। निजी अस्पतालों में 10 प्रतिशत बेड वारकरी श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित रखने का निर्णय भी लिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि "आरोग्य संपन्न वारी" और "वारी सहाय्य" अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने पंढरपुर उपजिला अस्पताल का निरीक्षण किया, अस्पताल की स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
रिपोर्टर : प्रभव चंद्रकांत काले
No Previous Comments found.