ओबरा में जश्न: मेहनत का मिला सम्मान,अजय कुमार राय मुख्य अभियंता पर पदोन्नत

सोनभद्र : उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (UPRVUNL) में विभागीय पदोन्नति के तहत एक अहम फैसला लिया गया है। ओबरा तापीय परियोजना में कार्यरत वरिष्ठ अभियंता इं० अजय कुमार राय को उनके उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड, तकनीकी दक्षता और बेहतरीन कार्यकुशलता के आधार पर मुख्य अभियंता (स्तर-II) (जनपद) के पद पर पदोन्नत किया गया है।

विभागीय चयन समिति की संस्तुति पर जारी आदेश के अनुसार, इं० राय वर्तमान में परियोजना के महत्वपूर्ण प्रभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पदोन्नति से पूर्व वे ओबरा (स) (2x660 मेगावाट) परियोजना में अधीक्षण अभियंता (जनपद) के रूप में जनपद अनुरक्षण मण्डल-द्वितीय (OCCC-2 एवं CMC-2) का मुख्य कार्यभार देख रहे थे। इसके अलावा ओबरा (ब) परियोजना में भी उनके पास जनपद अनुरक्षण मण्डल-द्वितीय (CMC-II) का अतिरिक्त प्रभार था।
निगम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति On-Seat आधार पर की गई है, यानी इं० अजय कुमार राय वर्तमान तैनाती स्थल ओबरा में ही मुख्य अभियंता के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उनकी नियमित तैनाती और नए कार्यक्षेत्र को लेकर विस्तृत आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।
जैसे ही पदोन्नति की खबर सामने आई, ओबरा तापीय परियोजना में खुशी की लहर दौड़ गई।अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में वीआईपी गेस्ट हाउस एवं उनके कार्यालय पहुँचकर पुष्प गुच्छ भेंट किए और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

इस मौके पर इं० अजय कुमार राय ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “जीवन में कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से ही सफलता मिलती है। यह उपलब्धि मेरे सभी साथियों के सहयोग और विश्वास का परिणाम है।” उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

रिपोर्टर : कुम्धज  चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.