26 दिन बाद भी नाबालिग लापता, पीड़ित पिता ने डीआईजी से लगाई गुहार
सोनभद्र - शाहगंज थाना क्षेत्र से कथित रूप से अपहृत 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी की 26 दिन बाद भी बरामदगी नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित पिता ने अब मिर्जापुर परिक्षेत्र के डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मामले की जांच में एसओजी और सर्विलांस टीम को शामिल कर किशोरी की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है। पीड़ित रामलाल श्रीवास्तव, निवासी ग्राम औरहथा थाना शाहगंज,का आरोप है कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री खुशबू का 4 जून 2026 को बलुआ निवासी शिवम मौर्य द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया। इस संबंध में थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज है, लेकिन घटना के 26 दिन बीत जाने के बाद भी न तो आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी और न ही किशोरी की बरामदगी।
पीड़ित पिता का कहना है कि उन्होंने 18 जून को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। इससे निराश होकर उन्होंने मिर्जापुर परिक्षेत्र के डीआईजी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए पूरे प्रकरण की प्रभावी जांच कराने की मांग की है।प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि मामले में एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया जाए ताकि तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर किशोरी का शीघ्र पता लगाया जा सके। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष केस वापस लेने का दबाव बना रहा है और लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। पीड़ित पिता ने मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप कर बेटी की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित कराने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि किशोरी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी।
26 दिन बाद भी नाबालिग की बरामदगी नहीं। पीड़ित परिवार ने पुलिस की निष्क्रियता पर उठाए सवाल। डीआईजी से एसओजी और सर्विलांस टीम लगाने की मांग। आरोपी पक्ष पर धमकी देकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप।परिवार ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.