आजादी की मिठास से जगमगाए गरीब बच्चों के चेहरे, ग्रीन माउंटेन स्कूल ने झुग्गी बस्तियों में बांटी खुशियां

ओबरा/सोनभद्र : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां पूरे देश में आजादी का जश्न मनाया गया, वहीं ओबरा के चोपन रोड स्थित ग्रीन माउंटेन स्कूल की ओर से इस राष्ट्रीय पर्व को जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर खास अंदाज में मनाया गया। स्कूल के प्रबंधक डॉ. अमित सिंह कुशवाहा और संस्थापिका शांति देवी के नेतृत्व में सहयोगियों ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों के घर-घर पहुंचकर बच्चों को मिठाई खिलाई और उनके साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।

इस पहल का उद्देश्य उन परिवारों के बच्चों के चेहरों पर भी मुस्कान लाना था, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अक्सर त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों की खुशियों से दूर रह जाते हैं। डॉ. अमित सिंह कुशवाहा ने कहा कि गरीब माता-पिता परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। ऐसे में उनके बच्चों को भी समाज की खुशियों में बराबर की भागीदारी मिले, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आजादी केवल संपन्न लोगों के उत्सव का नाम नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का गौरव है। स्वतंत्रता संग्राम में समाज के हर वर्ग के लोगों ने किसी न किसी रूप में योगदान दिया था। इसलिए स्वतंत्रता दिवस की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए।

डॉ. कुशवाहा ने बताया कि इसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ गरीब बस्तियों का रुख किया और बच्चों को मिठाई खिलाकर उनके साथ आजादी का पर्व मनाया। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरों पर आई खुशी ने इस पहल को और भी भावपूर्ण बना दिया।वहीं डॉ. अमित सिंह कुशवाहा ने इस पूरी पहल का श्रेय अपनी माताजी एवं ग्रीन माउंटेन स्कूल की  संस्थापिका शांति देवी को दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटने की प्रेरणा उन्हें अपनी माताजी से मिली है।
इस अवसर पर ग्रीन माउंटेन स्कूल की अध्यक्ष अन्नू सिंह, कुशवाहा समाज की महिला उपाध्यक्ष पुष्पा सिंह, डॉ. जवाहिर कुशवाहा, गौतम कुशवाहा, आंचल सिंह, गणेश कुशवाहा, अर्पित सिंह, आरव सिंह, शताक्ष सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.