सावन की कजरी पर झूमीं महिलाएं, संस्कृति संग सशक्तिकरण का दिया संदेश

ओबरा/सोनभद्र : सावन की हरियाली, कजरी के लोकगीत और महिलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों से ओबरा में रविवार को माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। हनुमान मंदिर के समीप स्थित मोबाइल वर्ल्ड पैलेस में ‘कजरी सावन महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पारंपरिक लोक संस्कृति और सावन की खुशियों को जीवंत कर दिया। एसबीएस मेकअप स्टूडियो की आर्टिस्ट आरती बाजपेयी के आयोजन में दोपहर तीन बजे शुरू हुए महोत्सव में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार से सज-धजकर कजरी और सावन के पारंपरिक गीतों पर नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों की मधुर धुनों के बीच महिलाओं ने जमकर उत्सव का आनंद लिया। कजरी गीतों और झूले ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक ,कार्यक्रम में पारंपरिक सावन के झूले का भी विशेष आकर्षण रहा। महिलाओं ने झूले का आनंद लेते हुए सावन से जुड़ी पुरानी परंपराओं और यादों को ताजा किया। कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं को स्मृति चिह्न एवं विशेष उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।

सामाजिक संस्थाओं की महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह।महोत्सव में नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं की भी सहभागिता रही। गायत्री परिवार, लायंस क्लब और इनर व्हील साईं समिति से जुड़ी प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इस दौरान सुनीता वर्मा, उर्मिला, अनु भाटिया और प्रतिमा सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।

संस्कृति संरक्षण के साथ महिलाओं को मंच देने की पहल

आयोजिका आरती बाजपेयी ने कहा कि कजरी सावन महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सावन और कजरी तीज की पारंपरिक लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजन महिलाओं को सामाजिक रूप से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास, उमंग और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करते हैं। महोत्सव के दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि परंपरा और आधुनिकता के साथ कदमताल करते हुए महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा दी जा सकती है।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.