दोस्तपुर में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक संपन्न, नई कार्यकारिणी गठन और व्यापारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा
दोस्तपुर : दोस्तपुर नगर में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर अध्यक्ष अजय सोनी के कैंप कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के विस्तार, नगर दोस्तपुर की नई कार्यकारिणी के गठन तथा सदस्यता अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़कर उनके हितों की रक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के दौरान सर्राफा एवं कबाड़ व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों ने अपनी समस्याएं प्रदेश महामंत्री के समक्ष रखीं। व्यापारियों ने बताया कि वे सामान खरीदते समय उसका पूरा भुगतान करते हैं, लेकिन बाद में कई बार पुलिस द्वारा सामान को चोरी का बताकर जब्त कर लिया जाता है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम से मुलाकात कर इस समस्या का व्यवहारिक एवं स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
रवीन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा व्यापारियों और उद्यमियों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। संगठन की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं की जानकारी व्यापारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि वे सरकारी सुविधाओं का लाभ लेकर अपने व्यापार एवं उद्योग को आगे बढ़ा सकें। उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सदैव व्यापारी एवं उद्यमी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।
बैठक में यह भी कहा गया कि जनपद सुल्तानपुर में उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण है तथा जिला प्रशासन नए उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे में युवाओं और व्यापारियों को नए उद्योग स्थापित करने के लिए आगे आना चाहिए, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिले।
बैठक में उद्योग व्यापार मंडल दोस्तपुर के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी, अजय शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व दोस्तपुर मंडल अध्यक्ष आशुतोष सिंह, लंभुआ के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं हीरो होंडा एजेंसी के मालिक दीपक चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को सफल बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन व्यापारी एकता, संगठन विस्तार और व्यापारी हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.