सड़क खोदने से मटिया माई मार्ग पर आवागमन ठप सड़क निर्माण कराने की मांग
दोस्तपुर (सुल्तानपुर) : नगर पंचायत दोस्तपुर के अस्पताल रोड स्थित गिट्टी-मोरंग की दुकान के बगल से मटिया माई जाने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों पूरी तरह बाधित है। जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से सड़क को काटकर पानी निकासी का रास्ता बनाया गया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी मार्ग को दोबारा दुरुस्त नहीं कराया गया। इससे क्षेत्र के लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चे, मरीज, महिलाएं, बुजुर्ग, किसान, दुकानदार और नौकरीपेशा लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। सड़क कट जाने के कारण बाइक, साइकिल, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों का निकलना लगभग असंभव हो गया है। कई लोगों को मजबूरन लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जलभराव की समस्या दूर करने के लिए सड़क काटना जरूरी था, तो उसी समय पानी निकासी के लिए उचित आकार की पाइप (पुलिया) डालकर सड़क को तत्काल चालू कराया जाना चाहिए था। लेकिन अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने ईओ (अधिशासी अधिकारी) नगर पंचायत दोस्तपुर से मांग की है कि वह स्वयं मौके का निरीक्षण करें और प्राथमिकता के आधार पर इस मार्ग पर पाइप (पुलिया) डलवाकर सड़क का निर्माण कराएं, ताकि बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और आम जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी उचित नहीं है। नगर पंचायत को तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को चालू कराना चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे अपनी मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाने को मजबूर होंगे।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.