समाधान दिवस में डीएम का सख्त रुख, अफसरों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

सुल्तानपुर : बल्दीराय तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादियों को डीएम ने आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास समेत अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जरूरत पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
डीएम इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और गुणवत्ता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीएम के निर्देशों के अनुरूप शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समाधान दिवस में डीएम के सख्त तेवर से विभागीय अधिकारियों में भी सक्रियता नजर आई।
रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.