घुमंतू गौरव समागम में पहुंचे राज्यमंत्री असीम अरुण

सुल्तानपुर :  देहात कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी गांव में शुक्रवार को आयोजित घुमंतू गौरव समागम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सुल्तानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह तथा सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय भी मौजूद रहे। इस दौरान विधायक विनोद सिंह ने राज्यमंत्री असीम अरुण का स्वागत करते हुए मंच से उनके कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने मंत्री असीम अरुण को ‘छोटे अंबेडकर’ की संज्ञा देते हुए कहा कि दलितों, पिछड़ों और वंचित समाज के बच्चों की शिक्षा एवं उत्थान के लिए उनके द्वारा किए जा रहे प्रयास ऐतिहासिक हैं।
विनोद सिंह ने असीम अरुण को बताया ‘छोटे अंबेडकर’, घुमंतू समाज की पीड़ा समझने की सराहना की
विधायक विनोद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अब तक किसी मंत्री ने घुमंतू समाज के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और पीड़ा को इस तरह समझने का प्रयास नहीं किया। राज्यमंत्री असीम अरुण ने समाज के बीच पहुंचकर उनके दुख-दर्द को समझा और उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की है। उन्होंने कहा कि दलितों, पिछड़ों और वंचित समाज के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना तथा उनके जीवन में बदलाव लाने का प्रयास बेहद महत्वपूर्ण है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है।
विधायक विनोद सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की सुविधा, आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज तथा राशन वितरण जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब परिवारों को राहत देने के साथ ही उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने 2047 के विकसित भारत का रखा संकल्प, योगी आदित्यनाथ के तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने का जताया विश्वास
कार्यक्रम में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने भी अपने संबोधन में विकसित भारत-2047 के संकल्प को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गरीब, किसान, मजदूर और समाज के वंचित वर्गों को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा। ऐसा भारत बनाना है, जहां गरीब व्यक्ति भी समृद्ध बने और प्रत्येक परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, गरीबों को राशन तथा अन्य सुविधाओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास केवल जरूरतमंदों को सहायता देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर आर्थिक रूप से मजबूत करना भी है।
सदर विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का विश्वास भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ती रहेगी और वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं को विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन सुविधाओं का लाभ पहुंचेगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। उनके संबोधन में गरीबों की आर्थिक उन्नति, आत्मनिर्भरता और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प प्रमुखता से सामने आया।
इस दौरान राज्यमंत्री असीम अरुण ने स्वयं सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय के समर्थन में ‘जिंदाबाद’ का नारा लगाया। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी राज प्रसाद उपाध्याय के समर्थन में जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
घुमंतू समाज के प्रत्येक परिवार तक सुविधाएं पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : असीम अरुण
राज्यमंत्री असीम अरुण ने अपने संबोधन में कहा कि घुमंतू समाज के उत्थान के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। सरकार ने घुमंतू विकास बोर्ड का गठन किया है, जिसका उद्देश्य समाज के एक-एक परिवार को चिह्नित कर उन्हें आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित सभी सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य घुमंतू समाज के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाएं और नियमित आमदनी पहुंचाना है। जब समाज के हर परिवार को इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा, तभी वास्तविक रूप से उनके उत्थान का उद्देश्य पूरा हो सकेगा। उन्होंने घुमंतू समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव का विधायक विनोद सिंह ने कि दोया उद्घाटन
इससे पूर्व गुरुवार को विधायक विनोद सिंह नगर के विवेकानंद नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव 2026 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों और प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि इस महोत्सव में प्रदेश के 49 जिलों से करीब 1200 बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। बच्चे ज्ञान-विज्ञान, गणित, संस्कृति सहित विभिन्न विषयों पर अपने मॉडल और प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक विनोद सिंह ने विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री हेमचंद्र जी, ज्वाला देवी प्रयागराज के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय जी तथा विद्यालय के प्रबंधक डॉ. पवन सिंह सहित अन्य वरिष्ठजनों से मुलाकात की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
विधायक विनोद सिंह ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें शिक्षा के साथ ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति से जोड़ने के लिए विद्या भारती का प्रयास सराहनीय है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करते हैं

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.