छात्राओं की आवाज बनी भाजपा, एकलव्य विद्यालय पहुंचा बतौली मंडल का प्रतिनिधिमंडल
बतौली : शिवपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राओं के पैदल अंबिकापुर पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात करने के मामले के बाद भाजपा ने मामले को गंभीरता से लिया है। भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया एवं सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के निर्देशन में भाजपा बतौली मंडल का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को विद्यालय पहुंचा और छात्राओं से सीधे संवाद कर विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल ने छात्राओं से पढ़ाई, छात्रावास, बिजली व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की। छात्राओं ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय का संचालन ठीक ढंग से हो रहा है। वहीं पिछले कुछ महीनों से बिजली व्यवस्था को लेकर परेशानी होने की बात सामने आई। छात्राओं ने यह भी बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा पूर्व में कोई शिकायत नहीं की गई थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छात्राओं से जुड़े और उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय के वर्तमान प्राचार्य से मुलाकात कर छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं से अवगत कराया। प्राचार्य ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छात्राओं की शिक्षा और आवासीय सुविधाएं प्राथमिकता का विषय हैं। विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आवश्यक सुविधाएं मिलें, यही उद्देश्य है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य किसी संस्था अथवा व्यक्ति पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि छात्राओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराना है।
प्रतिनिधिमंडल में मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, देवनाथ सिंह पैकरा, नरेंद्र पैकरा, विश्वनाथ यादव, प्रदीप मिश्रा, ईश्वर यादव, अनिमेष अग्रवाल, सूरज बहादुर यादव सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रिंकु सोनी
No Previous Comments found.