मुंब्रा पुलिस थाने में नेतृत्व परिवर्तन, गणेश जावडवाड ने संभाला वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक का पद
मुंब्रा (ठाणे) : ठाणे पुलिस आयुक्तालय में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में मुंब्रा पुलिस थाने में भी नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। पिछले लगभग दो वर्षों से यहां वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के रूप में कार्यरत अनिल चंद्रकांत शिंदे का तबादला ठाणे अपराध शाखा में कर दिया गया है। उनकी जगह गणेश जावडवाड ने मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पद का कार्यभार संभाल लिया है।
इस तबादला प्रक्रिया में नितीन दौलतराव पगार को राबोडी पुलिस थाने का वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि राजू भिकाजी पाचोरकर का स्थानांतरण ठाणे यातायात विभाग में किया गया है।
पदभार छोड़ते समय अनिल शिंदे ने मुंब्रा के नागरिकों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें लोकसभा, विधानसभा और महापालिका चुनावों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला। इस दौरान नागरिकों से मिला सहयोग और विश्वास उनके लिए प्रेरणादायक रहा।
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा अपराध नियंत्रण, निष्पक्ष पुलिस कार्रवाई और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को प्राथमिकता दी तथा हर कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर बिना किसी पक्षपात के की।
अनिल शिंदे ने ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे का आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और क्षमता के साथ निभाने का विश्वास जताया।
उनके विदाई समारोह के दौरान मुंब्रा पुलिस थाने का माहौल भावुक हो गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी। इस अवसर पर अनिल शिंदे ने पुष्पगुच्छ देकर नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जावडवाड का स्वागत किया और उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार संभालने के बाद गणेश जावडवाड ने कहा कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, नागरिकों का विश्वास बनाए रखना और प्रभावी पुलिस प्रशासन देना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
रिपोर्टर - साबीर शेख
No Previous Comments found.