₹50 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए कलेक्टर ऑफिस के दो कर्मचारी, ACB का ट्रैप सफल

ठाणे - जिलाधिकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है, जहां सेतू एवं नोंदणी शाखा से जुड़े दो कर्मचारियों को ₹50 हजार की रिश्वत लेते हुए लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (ACB) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम पर मीरा रोड पूर्व में “आपले सरकार सेवा केंद्र” संचालित था। केंद्र को नए स्थान पर शिफ्ट करने के बाद “आपले सरकार” पोर्टल पर पता बदलने और आईडी को पुनः सक्रिय करने के लिए आरोपियों ने कथित रूप से ₹50 हजार की रिश्वत मांगी थी।

इस मामले की शिकायत मिलने के बाद ACB ने 10 सितंबर 2026 को पंचों की मौजूदगी में शिकायत की पुष्टि की। जांच में यह सामने आया कि गणेश बालकृष्ण मोरे (52), राजस्व सहायक, जिलाधिकारी कार्यालय (सेतू व नोंदणी विभाग) और खालिद गुलाब शेख (53), शिपाई, सेतू नोंदणी शाखा ने रिश्वत की मांग की थी और उसे स्वीकार करने की सहमति भी दी थी।
इसके बाद 11 सितंबर 2026 की शाम को ठाणे पश्चिम के जांभळी नाका स्थित विनय टी स्टॉल के पास ACB ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपियों ने शिकायतकर्ता से ₹50 हजार की रिश्वत ली और रकम गिनने लगे, तभी ACB टीम ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के हाथों पर एंथ्रासीन पाउडर के निशान भी पाए गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। दोनों आरोपियों को 11 सितंबर की शाम 7:35 बजे हिरासत में लिया गया इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक अनिल जायकर के नेतृत्व में की गई।

रिपोर्टर - साबीर शेख
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.