मुंब्रा में ऑटो चोरी गैंग बेनकाब: पुलिस ने 4 केस सुलझाए, ₹2.12 लाख का माल बरामद

ठाणे | मुंब्रा पुलिस ने ऑटो रिक्शा चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके नाबालिग साथी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुल चार चोरी के मामलों का खुलासा किया है और ₹2 लाख 12 हजार का मुद्देमाल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जवादवाड के निर्देश पर गश्त के दौरान टीम को फडकेपाड़ा तालाब के पास झाड़ियों में दो युवक एक ऑटो रिक्शा के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी ऐप के जरिए रिक्शा नंबर की जांच की, जिसमें वह चोरी का निकला।

जांच में सामने आया कि यह मामला मुंब्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज अपराध क्रमांक 1527/2026 (धारा 303(2)) से संबंधित है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रिक्शा जब्त किया और आरोपी कृष्णा पप्पूकुमार गौतम (20, निवासी दिवा पूर्व) को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आगे की पूछताछ में नाबालिग साथी ने खुलासा किया कि उसने दिवा क्षेत्र से दो और ऑटो रिक्शा चोरी किए थे, साथ ही एक रिक्शा के टायर और स्टेपनी भी चुराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 3 ऑटो रिक्शा और टायर-स्टेपनी बरामद किए। 

नाबालिग को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है और उसे भिवंडी बाल न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, सह पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण व पंजाबराव उगले, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे, पुलिस उपायुक्त बालासाहेब पाटील और सहायक पुलिस आयुक्त स्वप्नील देवळेकर के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जवादवाड और उनकी टीम ने की।


रिपोर्टर - साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.