“एक ही थाली में खाते थे… फिर क्यों मार डाला?” दोस्त बना दुश्मन! प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में पत्नी का फूट पड़ा दर्द

ठाणे : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की सनसनीखेज हत्या के बाद अब इस मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश में उनका ही करीबी दोस्त पप्या शिंदे शामिल था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के बाद पूरे ठाणे में आक्रोश का माहौल है।

मंगलवार रात मानपाडा के गणेशनगर इलाके में पूर्णेकर पर उनके ही कार्यालय में गोलीबारी और धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद उनकी पत्नी विजेता पूर्णेकर का दर्द छलक पड़ा।

पत्नी का दर्द: “एक ही थाली में खाते थे, फिर ऐसा क्यों किया?”
पति की मौत के बाद विजेता पूर्णेकर ने रोते हुए कहा,
“मेरे पति को वापस ला दो, मैं उस इंसान के पैर धोकर पानी पी लूंगी… उन्होंने ऐसा क्या किया था कि उन पर इतनी गोलियां चलाई गईं? वो कोई मंत्री थे क्या?”
उन्होंने आरोपी पप्या शिंदे पर सवाल उठाते हुए कहा,
“वो हमारे साथ एक ही थाली में खाना खाता था… उसके बच्चे के लिए मैंने कपड़े खरीदे थे… फिर उसने ऐसा क्यों किया? किसके कहने पर ये सब हुआ?”

 “लोगों के लिए लड़े, उसी की कीमत जान देकर चुकाई”
विजेता पूर्णेकर ने कहा कि उनके पति इलाके में ड्रग्स और गलत गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, जिससे कुछ लोगों को परेशानी थी।
“मैं उन्हें मना करती थी, लेकिन वो किसी की नहीं सुनते थे… आज मेरे बच्चों को छोड़कर चले गए… अब मैं किसी को भी समाज के लिए काम करने को नहीं कहूंगी,” उन्होंने भावुक होकर कहा।

 एक महीने में 5 हत्याएं, कानून-व्यवस्था पर सवाल
ठाणे में लगातार बढ़ते अपराध ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पिछले एक महीने में 5 हत्याएं हो चुकी हैं, जिनमें—

पुलिस उपनिरीक्षक किसन भोईर की हत्या

घोडबंदर में महिला की हत्या

कापुरबावडी में राजू गुजराती की हत्या

वागळे में संदीप सालवे की हत्या

और ,अब प्रदीप पूर्णेकर की हत्या शामिल है

संजय राऊत का आरोप: “गृह विभाग पूरी तरह फेल”
इस हत्याकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राऊत ने राज्य सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा,
“ठाणे अपराधियों का अड्डा बन गया है… गृह विभाग पूरी तरह नाकाम है। पूर्णेकर बिल्डर लॉबी और ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ लड़ रहे थे, उसी की कीमत उन्हें जान देकर चुकानी पड़ी।”

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस हत्या के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।

रिपोर्टर - साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.