स्पेशल डीजी जैन ने सिंहस्थ के पार्किंग और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया

उज्जैन : स्पेशल डीजी श्री जैन ने सिंहस्थ 2028 के दौरान सड़क और रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं को शिप्रा घाट पर पहुंचने के प्रस्तावित सहज सुलभ मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न प्रगतिरत कार्यों की भी जानकारी दी।

स्पेशल डीजी श्री जैन ने त्रिवेणी स्थित श्री शनि मंदिर के समीप निर्माणाधीन घाट का निरीक्षण कर सिंहस्थ के दौरान त्रिवेणी घाट तकश्रद्धालुओं को लाने के लिए पहुंच मार्ग बनाकर 10 मीटर चौड़ा मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए। डीजी श्री जैन ने देवास रोड के चंदेसरा, उन्हेल रोड क्षेत्र, गरोठ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धतरावदा, सिद्धवट क्षेत्र में निर्माणाधीन घाट, बड़नगर रोड से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गोंसा क्षेत्र में पार्किंग के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, एसपी श्री प्रदीप शर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सिंहस्थ की व्यवस्थाएं मौके पर देखने के लिए करीब 100 किलोमीटर क्षेत्र का भ्रमण कर स्थल पर पूरी प्लानिंग समझाई।

स्पेशल डीजे श्री उपेंद्र जैन ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सिंहस्थ 2004 और 2016 के अनुभव से भी अवगत कराया और कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए सतत रूप से सजग रहने की आवश्यकता होगी और हर घाट पर दोनों ओर से आने और बाहर निकालने के इंतजाम बेहतर तरीके से किए जाएं और ऐसी प्लानिंग की जाए कि किसी रोड से आने वाले श्रद्धालुओं को किस घाट पर किस क्षेत्र में स्नान कराया जा सकता है, इसकी कार्य योजना भी बनाकर रखें।

भीड़ बढ़ने पर उसकी वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी रखें

डीजी श्री उपेंद्र जैन ने निरीक्षण के दौरान बताया कि शिप्रा नदी के लेफ्ट और राइट दोनों साइड के घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्थाएं की जाएं और श्रद्धालुओं को अलग-अलग मार्गों से आने वाले श्रद्धालु किस प्रकार से स्नान घाटों तक पहुंचेंगे उसके लिए भी कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाए। जिससे स्नान के दौरान भीड़ बढ़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था भी रहे।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.