किसान नेता अशोक जाट की जिला बदर कार्रवाई का कड़ा विरोध, कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

उज्जैन : जिला किसान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक जाट पर प्रशासन द्वारा की गई जिला बदर की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करीब सवा दो घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इसके पश्चात मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान, विधायक एवं जिला अध्यक्ष महेश परमार तथा शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि अशोक जाट किसानों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने वाले जुझारू नेता हैं। उन पर दर्ज पुलिस प्रकरण जनता के हितों को लेकर किए गए आंदोलन और चक्काजाम जैसी गतिविधियों से जुड़े हैं। कांग्रेस का आरोप है कि ये सभी मामले वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं, इसके बावजूद प्रशासन ने राजनीतिक द्वेष भावना से एकतरफा कार्रवाई करते हुए जिला बदर का आदेश जारी किया है।

पूरे प्रदेश में आंदोलन की चेतावनी

मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसान नेताओं पर इस प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। ज्ञापन में भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई होने पर जिला ग्रामीण एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा लगातार आंदोलन किए जाएंगे। इस दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

संगठन महासचिव अजय राठौर ने बताया कि इस अवसर पर डॉ. रवि राय, अजीत सिंह ठाकुर, वीर सिंह राणा, लोकेंद्र सिंह, सुरेश चौधरी, अभिषेक शर्मा, बब्लू खींची, आनंद मीणा, रमेश सांखला, रहीम लाला, संचित शर्मा, अनवर बाबा, पवन यादव, दुर्गेश धवन, राजेंद्र राठौर, मोंटू चंदेल, वीरेंद्र गोसर, फिरोज़ पठान, अनवर नागोरी, शाहिद सिद्दीकी, अर्पित यादव, गजेंद्र मारोठिया, ईमरान खान, सोनिया ठाकुर, मदीना अली, नीलम विश्वास और रश्मि त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अश्विन जोशी के निधन के कारण धरना समाप्त

यह धरना प्रदर्शन सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर करीब सवा एक बजे तक चला। इसी दौरान इंदौर के वरिष्ठ नेता अश्विन जोशी के निधन का दुखद समाचार मिलने पर धरना प्रदर्शन को समय पूर्व समाप्त कर दिया गया।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.