बड़नगर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से रूबरू हुए नए थाना प्रभारी कमलेश सिंगार, बताई प्राथमिकताएं
उज्जैन - बड़नगर थाना के नवागत थाना प्रभारी कमलेश सिंगार का स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री सिंगार ने मीडिया से खुलकर संवाद करते हुए अपनी कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बड़नगर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। संवाद के दौरान श्री सिंगार ने बताया कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बाइक पर दो पुलिसकर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है, जो दो शिफ्टों में लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर निगरानी रखेगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में अमन, चैन और शांति बनाए रखना, जनता में पुलिस के प्रति व्याप्त भय को दूर करना तथा लोगों का विश्वास जीतना है। उन्होंने कहा कि पुलिस तभी प्रभावी हो सकती है जब आमजन उसके साथ खड़ा हो। इसलिए पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ाने तथा जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
थाना प्रभारी श्री सिंगार ने आगे कहा कि रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
श्री सिंगार का पुलिस सेवा में लंबा और व्यापक अनुभव रहा है। अपने सेवाकाल में वे मुरैना, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर,धार,इंदौर,उज्जैन,शाजापुर और भोपाल सहित प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न जिलों में कार्य करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था,अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव अर्जित किया है। अब बड़नगर में उनकी पदस्थापना के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ नगर को मिलेगा तथा कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। मीडिया से चर्चा के दौरान उनके सकारात्मक और जनहितैषी दृष्टिकोण की भी सराहना की गई। बड़नगर की जनता अब नए थाना प्रभारी की कार्यशैली को करीब से देखने और बेहतर पुलिस व्यवस्था की उम्मीद कर रही है।
रिपोर्टर - विजय सोलंकी
No Previous Comments found.