प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य में अराजक तत्वों द्वारा बाधा

​उज्ज़ैन - प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मनछामन कॉलोनी में निर्माणाधीन मल्टी परियोजना स्थल पर कुछ शरारती व अराजक तत्वों द्वारा कार्यरत मजदूरों एवं ठेकेदारों के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और निर्माण स्थल पर तोड़फोड़ करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने अचानक निर्माण स्थल पर पहुंचकर वहां काम कर रहे श्रमिकों और ठेकेदार के साथ गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। उपद्रवियों ने वहां खड़ी कंपनी की गाड़ी के कांच भी फोड़ दिए, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अतिरिक्त, अराजक तत्वों द्वारा कंपनी के सुपरवाइजर नंदेश्वर बर्मन को फोन पर जान से मारने की गंभीर धमकी भी दी गई। ​इस हिंसक घटना के तत्काल बाद, कंपनी के सुपरवाइजर नंदेश्वर बर्मन ने पूरे घटनाक्रम की एक लिखित शिकायत नीलगंगा थाना पुलिस को सौंपी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए नीलगंगा पुलिस ने मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। ​इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कंपनी प्रबंधन ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग से पुरजोर मांग की है कि राष्ट्रीय महत्व की प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने वाले एवं गरीब श्रमिकों के साथ मारपीट करने वाले दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और परियोजना का निर्माण कार्य बिना किसी भय व बाधा के सुचारू रूप से जारी रह सके।

रिपोर्टर - यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.