प्रतिबंधित प्लास्टिक-पॉलिथीन एवं डिस्पोजल मिलने पर 19 हजार रुपए का जुर्माना 13 किलो सामग्री जब्त

 उज्जैन - नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देशानुसार शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलिथीन एवं डिस्पोजल के उपयोग और विक्रय के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सेक्टर क्रमांक-1 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-1 के उन्हेल चौराहा क्षेत्र में नगर निगम की टीम द्वारा विशेष सर्चिंग एवं जांच अभियान चलाया गया नगर निगम की टीम द्वारा कार्रवाई से एक दिन पूर्व क्षेत्र में अनाउंसमेंट करवाकर दुकानदारों एवं नागरिकों को प्रतिबंधित प्लास्टिक-पॉलिथीन एवं डिस्पोजल का उपयोग नहीं करने, दुकानों पर आवश्यक रूप से डस्टबिन रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद जांच के दौरान कई दुकानों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया

सर्चिंग के दौरान कुल 16 दुकानों पर कार्रवाई करते हुए 19,150 रुपए का जुर्माना किया गया। कार्रवाई में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलिथीन एवं डिस्पोजल सहित लगभग 13 किलो 500 ग्राम सामग्री जब्त की गई जांच के दौरान कुछ दुकानों पर कोयला भट्टी के उपयोग तथा निर्धारित संख्या में डस्टबिन नहीं पाए जाने पर भी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त धार्मिक स्थल के आसपास स्वच्छता एवं सार्वजनिक स्वच्छता से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर भी संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई

 इसी के साथ इंद्रपुरी एवं सेठी नगर क्षेत्र मे रहवासियों द्वारा गंदगी करने पर 2500 रुपए की चालानी कार्यवाही की गई
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम द्वारा पहले समझाइश और जागरूकता के माध्यम से नागरिकों एवं व्यापारियों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं नियमों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माने एवं जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी, नगर निगम ने दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलिथीन एवं डिस्पोजल का उपयोग एवं विक्रय न करें, अपनी दुकानों पर पर्याप्त डस्टबिन रखें तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके
कार्रवाई में स्वच्छता निरीक्षक श्री अजय दावरे, दरोगा समीर सहित सहायक मस्तहक एवं सहायक सेफु तथा नगर निगम की टीम के कर्मचारी शामिल रहे


रिपोर्टर - यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.