बड़नगर में आज निकलेगा संगम ग्रुप मंडल का विशाल माता विसर्जन चल समारोह
बड़नगर : शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर संगम ग्रुप मंडल द्वारा 10 दिनों तक माता रानी की पूजा-अर्चना और गरबा आयोजन के बाद आज 11वें दिन माता जी का विशाल विसर्जन चल समारोह निकाला जाएगा। 35वां वर्ष बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया इस भव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
चल समारोह इस बार कई विशेष आकर्षणों से सुसज्जित रहेगा। बड़नगर में पहली बार मुंबई की नवदुर्गा चेंदा मेलम टीम अपनी शानदार कला और पारंपरिक वादन की प्रस्तुति देगी। वहीं, गरबा गैलेक्सी टीम द्वारा भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही माता रानी की आकर्षक झांकियां चल समारोह की शोभा बढ़ाएंगी।
शाम 5 बजे शुरू होगा चल समारोह
संगम ग्रुप मंडल द्वारा निकाला जाने वाला माता विसर्जन चल समारोह शाम 5 बजे प्रारंभ होगा। यह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तेजाजी चौक पहुंचेगा, जहां चल समारोह का विराम होगा। आयोजन में माता रानी के भक्त बड़ी संख्या में शामिल होकर भक्ति और उत्साह के साथ माता जी को विदाई देंगे।
नवरात्रि के दौरान 10 दिनों तक भक्ति, पूजा-अर्चना और गरबों से भक्तिमय रहा संगम ग्रुप मंडल का आयोजन विसर्जन चल समारोह के साथ संपन्न होगा। चल समारोह की जानकारी संगम ग्रुप मंडल के मीडिया प्रभारी डॉ. विजय सोलंकी ने दी।
रिपोर्टर : विजय सोलंकी

No Previous Comments found.