एक गलती, बदला भविष्य
उल्हासनगर - मुंब्रा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कुछ नाबालिग युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 128, 129, 3(1), 4(1) और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है। मुंब्रा पुलिस के अनुसार, ये नाबालिग बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे थे और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहे थे। कुछ मामलों में बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघन भी सामने आए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में सिर्फ चालान ही नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि ऐसे मामलों का असर भविष्य पर पड़ सकता है। रिकॉर्ड में अपराध दर्ज होने के कारण पासपोर्ट बनवाने और सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भी दिक्कतें आ सकती हैं। मुंब्रा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
रिपोर्टर - साबीर शेख


No Previous Comments found.