वाराणसी में भीषण सड़क हादसा, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत; हादसे से ठीक पहले की तस्वीर आई सामने
वाराणसी : वाराणसी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। विंध्याचल मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे आठ दोस्तों के साथ हाईवे पर ऐसा हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के मुताबिक, आठों दोस्त सुबह-सुबह विंध्याचल मंदिर में दर्शन करके वाराणसी लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हाईवे पर अपनी स्कॉर्पियो रोकी और गाड़ी के सामने खड़े होकर फोटो खिंचवाने लगे।
तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो और वहां मौजूद दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आनंद यादव, आलोक मिश्रा, प्रदीप सिंह और विद्वांशु यादव के रूप में बताई जा रही है। वहीं, सावन, किशन, राजकुमार और निखिल घायल हुए हैं।
इस हादसे से जुड़ी सबसे भावुक कर देने वाली बात यह है कि दुर्घटना से ठीक पहले दोस्तों की खींची गई तस्वीर सामने आई है। जिस पल में सभी दोस्त साथ खड़े होकर यादें संजो रहे थे, उसके कुछ ही देर बाद यह खुशियों भरा सफर मातम में बदल गया।
फिलहाल, हादसे से जुड़ी परिस्थितियों और घायलों की स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी की पुष्टि की जानी बाकी है।
एक पल की लापरवाही हाईवे पर जिंदगी भर का दर्द दे सकती है। इसलिए सड़क पर वाहन रोकते समय और तस्वीरें खींचते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
रिपोर्टर : अब्दुल्ला हाशमी

No Previous Comments found.