‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान में विद्यार्थियों ने लहराया परचम चित्रकला में राधिका कुशवाह और भाषण में दुर्गा अहिरवार ने हासिल किया प्रथम स्थान
गंजबासौदा : ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन गंजबासौदा स्थित सीएम राइज विद्यालय में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। चित्रकला प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से शुरू होकर संकुल एवं विकासखंड स्तर तक आयोजित की गई, जिसके बाद चयनित विद्यार्थियों ने आगामी चरण में सहभागिता की। निर्णायक मंडल द्वारा विद्यार्थियों की कलाकृतियों एवं प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में 15 विद्यार्थियों का जिला स्तर के लिए चयन हुआ। संकुल त्योंदा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुमेरदांगी की छात्रा राधिका कुशवाह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं संकुल का गौरव बढ़ाया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय त्योंदा की छात्रा दुर्गा अहिरवार ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में मौजूद विधायक एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बीईओ पड़ता अहिरवार, संबंधित विभाग की जूरी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : हेमंत आनंद

No Previous Comments found.