गंजबासौदा पुलिस ने ड्रीमसिटी कॉलोनी की नकबजनी का किया खुलासा, 21.50 लाख का माल बरामद।

गंजबासौदा :  शहर थाना पुलिस ने ड्रीमसिटी कॉलोनी में सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, एक डायमण्ड सेट और 23 हजार 200 रुपये नकद सहित करीब 21 लाख 50 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी विदिशा, भोपाल और सीहोर जिलों में चोरी एवं नकबजनी के कई मामलों में संलिप्त रहा है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को ड्रीमसिटी कॉलोनी, हथोड़ा निवासी अंकित अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी एवं डायमण्ड के जेवरात सहित नकदी चोरी कर ले गया है। शिकायत पर गंजबासौदा शहर थाने में अपराध क्रमांक 736/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

चोरी की घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी गंजबासौदा शिखा भलावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वेदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से मिले भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने 9 अक्टूबर को हरदूखेड़ी फाटक के पास रेलवे स्टेशन क्षेत्र से जयंत पिता कालूराम लोधी (24), निवासी ग्राम जम्बार, थाना कोतवाली विदिशा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, डायमण्ड सेट और 23 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत 21 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पहले भी दर्ज हैं चोरी के कई मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी जयंत लोधी के विरुद्ध विदिशा, भोपाल एवं सीहोर जिलों में चोरी और नकबजनी के लगभग 21 से 22 प्रकरणों में पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वेदिया, निरीक्षक आनंद राज, निरीक्षक योगेन्द्र साहू, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, प्रधान आरक्षक सुरेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक अरविन्द पाठक तथा आरक्षक सरमन साहू, पवन यादव, शिवम परिहार, सतेन्द्र तोमर और शुभम गौतम की सराहनीय भूमिका रही।

रिपोर्टर : हेमंत 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.