वाशिम के तिवली गांव में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से सनसनी
वाशिम - महाराष्ट्र के वाशिम जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शिरपुर जैन थाना क्षेत्र के तिवली गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों में पति,पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तिवली गांव निवासी संतोष तुकाराम बकाल (38) का शव खेत में स्थित विद्युत टावर से फांसी के फंदे पर लटका मिला। वहीं उनकी पत्नी वर्षा संतोष बकाल (34) तथा दोनों बच्चे जान्हवी बकाल (7) और सोहम बकाल (6) के शव खेत की कुएं में पाए गए। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। घटना 13 जून की शाम करीब 6 बजे सामने आई। सूचना मिलते ही शिरपुर जैन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे तिवली गांव में शोक की लहर है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्टर - नागेश
No Previous Comments found.