आवारा कुत्तों की समस्या पर C News भारत की खबर का असर; कारंजा नगर परिषद का बड़ा फैसला

वाशिम : कारंजा शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर आखिरकार नगर परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। 18 अगस्त 2026 को आयोजित नगर परिषद की सर्वसाधारण सभा में शहर के विकास से जुड़े कुल 42 विषयों पर चर्चा के बाद बहुमत से प्रस्ताव मंजूर किए गए। इनमें आवारा कुत्तों के बंदोबस्त का मुद्दा प्रमुख रहा।

नगराध्यक्षा फरीदाबानू मो. शफी पुंजानी, उपनगराध्यक्ष एड. फिरोज शेकुवाले तथा मुख्याधिकारी महेश वाघमोडे की मौजूदगी में हुई बैठक में आवारा कुत्तों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी, दुर्घटनाओं और कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चर्चा की गई।
समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में दो डॉग वैन और दो बंदिस्त पिंजरा गाड़ियों की खरीदी का प्रस्ताव बहुमत से मंजूर किया गया है। इन वाहनों के माध्यम से आवारा कुत्तों को पकड़ने और आवश्यक कार्रवाई करने में नगर परिषद को मदद मिलेगी।
इसके अलावा कुत्ते के काटने से प्रभावित नागरिकों को तत्काल उपचार मिल सके, इसके लिए सरकारी अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध रखने के संबंध में भी चर्चा की गई।
सभा के तुरंत बाद अधिकारियों की बैठक
सर्वसाधारण सभा समाप्त होने के बाद वॉर्ड चपरासी और सुपरवाइजरों की तत्काल बैठक आयोजित की गई। संबंधित कर्मचारियों को आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सतर्क रहने और तत्काल कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए गए। आदेशों का पालन करने में लापरवाही बरतने पर संबंधितों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर परिषद के इस फैसले से कारंजा शहर के नागरिकों को आवारा कुत्तों के आतंक से राहत मिलने की उम्मीद है।
C News भारत की खबर के बाद नगर परिषद की ओर से उठाए गए इस कदम को शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

रिपोर्टर : नागेश अवचार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.