आरटीओ कार्यालय के कामकाज की समीक्षा
वाशिम : अकोला के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रवींद्र भुयार ने बुधवार को उपक्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, वाशिम का दौरा कर कार्यालयीन कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को कार्यक्षम, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सड़क सुरक्षा तथा मोटर वाहन कानून का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने वायुवेग दल की कार्यप्रणाली तथा मोटर वाहन अधिनियम और उसके तहत बनाए गए नियमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन दिया गया।
इसके बाद रवींद्र भुयार ने ऑटोमैटिक ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में तथा आवश्यक तकनीकी मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर के कामकाज की भी समीक्षा की। वाहनों की फिटनेस जांच को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नियमबद्ध तरीके से संचालित करने के संबंध में अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर उपक्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आनंद मेश्राम, मोटर वाहन निरीक्षक अर्चना घनवट, गजानन हरने, साधना दुधमाले और रवींद्र विनकरे उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नागेश अवचार

No Previous Comments found.