मालेगांव में सनसनीखेज हत्या कांड — अकोला फाटा पोस्ट ऑफिस के सामने महिला की बेरहमी से हत्या,

वाशिम : मालेगांव शहर के अकोला फाटा पोस्ट ऑफिस के सामने आज सुबह हुई एक सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की धारदार चाकू से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतका की पहचान सौ. पुष्पा विठ्ठल वाघ (उम्र 34 वर्ष, निवासी पांगरी नवघरे, ता. मालेगांव, जि. वाशिम) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका की हत्या उसके पति विठ्ठल परसराम वाघ (निवासी पांगरी नवघरे) ने की। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक कारणों को लेकर विवाद होता रहता था। यह घटना आज (दि. 27 अप्रैल) सुबह लगभग 08:00 से 08:30 बजे के बीच अकोला फाटा, पोस्ट ऑफिस के सामने हुई। आरोपी ने धारदार हथियार से पत्नी पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फरियादी ओम नारायण राऊत (उम्र 27 वर्ष, निवासी बेलगांव, ता. मेहकर, जि. बुलढाणा) की शिकायत पर गुन्हा क्र. 318/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (पूर्व धारा 302 भा.दं.वि.) के अंतर्गत मालेगांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पोलीस निरीक्षक राजेश क्रांती खेरडे के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है तथा आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस स्टेशन से मात्र 3 किलोमीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुई इस घटना से नागरिकों में भय का माहौल फैल गया है। इस प्रकार की घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और नागरिकों ने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मुख्य बिंदु:
पारिवारिक विवाद से जुड़ा हत्या का मामला
दिनदहाड़े अकोला फाटा पोस्ट ऑफिस के सामने घटना
आरोपी पति पुलिस हिरासत में
भारतीय न्याय संहिता धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज
क्षेत्र में दहशत, नागरिकों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की.

रिपोर्टर : नागेश अवचार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.